ज्ञानपुर/चौरी। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सोमवार को मूसलाधार बारिश हुई। खासकर भदोही, चौरी क्षेत्र में अच्छी बारिश से जलभराव की समस्या खड़ी हो गई। बारिश के चलते चौरी स्टेशन रोड पर एक ई-रिक्शा पलट गया। वहीं बाइक सवार फिसल कर गिर भी गए। वहीं क्षेत्र में दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। जिससे लोगों को दिक्कतें हुई।
सोमवार सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही लगी रही। चौरी, भदोही के अलग अलग स्थनों पर बारिश हुई। वहीं अन्य स्थानों पर बूंदाबांदी हुआ। बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं चौरी बाजार से स्टेशनर रोड पर जाने वाली सड़कों पर जलभराव हो गया। बाजार के गड्ढों में तब्दील स्टेशन रोड पर जल भराव हो गया। मुख्य तिराहा से परसीपुर रेलवे फाटक तक 500 मीटर तक इंटरलॉकिंग सड़क एक दशक से बदहाल है। सड़क पर छोटे व बड़े मिलाकर लगभग दो दर्जन से अधिक गड्ढे हैं। बारिश में सड़क झील बन गई है। सोमवार को एक घंटे तक बारिश के बाद हुए जलभराव से सरिया लदा एक टोटो अनियंत्रित होने से पलट गया। वहीं पानी में चार बाइक सवार व दो साइकिल सवार पानी भरे गड्ढे में गिर गए। बारिश के कारण तापमान में भी नमी देखी गई। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. विश्वेंद्र द्विवेदी ने बताया कि सोमवार दिन का तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं रात का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा।