ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय गड़ौरा की प्रधानाध्यापिका के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों ने यूनिफार्म वितरण और रंगाई-पुताई में धांधली का आरोप लगाया। आरोप लगाया कि गुजरे सत्र में विद्यालयों के बच्चों का यूनिफार्म बिना बांटे ही उपभोग प्रमाणपत्र दे दिया गया। इस साल रंगाई-पुताई भी स्कूल की नहीं कराई गई। बेसिक शिक्षा अधिकारी से कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा कि यूनिफार्म न बांटने की शिकायत दो माह पूर्व जिलाधिकारी और बेसिक शिक्षा अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर किया गया लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। स्कूल में पंजीकृत करीब 250 बच्चों को 2015-16 सत्र में यूनिफार्म नहीं बाटा गया जबकि उपभोग प्रमाणपत्र दे दिया गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विद्यालय की प्रधानाध्यापिका की मनमाने ढंग से स्कूल का शैक्षणिक माहौल खराब हो रहा है। कई माह से एमडीएम का खाता न खुलने से मध्याह्न भोजन योजना प्रभावित हो रही है। ग्रामीण जय प्रकाश, राजेश, बाल गोविंद पटेल, सुरेश ने रंगाई-पुताई और यूनिफार्म वितरण की जांच कराने की मांग करते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी से प्रधानाध्यापिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं दूसरी ओर प्रधानाध्यापिका आशा सिंह ने कहा कि उनको साजिश के तहत परेशान किया जा रहा है। बच्चों को यूनिफार्म बांटा गया है। रंगाई-पुताई के लिए कामगार नहीं मिल रहे हैं, उसे जल्द ही कराया जाएगा।