वहिदानगर। कोइरौना थाना क्षेत्र के हरिरामपुर गांव में रविवार की रात एक युवक ने फंदे से लटककर जान दे दी। मरने से पहले उसने फेसबुक पर प्रेमिका संग तस्वीर शेयर की। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हरिरामपुर गांव निवासी श्याम सुंदर इंटरमीडिएट के बाद नाटक मंडली और वीडियो रिकाॅर्डिंग का काम करता था। रविवार शाम को वह घर आया। घर वालों से कहा कि तबीयत ठीक नहीं है और खाना नहीं खाया। रात में करीब 12 बजे परिवार वाले ने देखा तो उसका शव फंदे से लटक रहा था। मरने से पहले श्यामसुंदर ने फेसबुक पर एक लड़की के साथ पोस्ट शेयर किया। उसमें दर्द भरे गीत लगाकर रील को अपलोड किया। सूचना पर पहुंची पीआरवी ने ग्रामीणों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतारा।
परिजन उसे गोपीगंज के एक निजी अस्पताल में ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कोइरौना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वह पांच भाइयों में सबसे छोटा था। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाएं होती रहीं। बताया गया कि उसका एक युवती से प्रेम-प्रंपंच था। जिससे वह शादी करना चाहता था, लेकिन परिजन इससे असहमत थे। कटरा चौकी इंचार्ज सुरेश यादव ने बताया कि वह कपड़े का फंदा बना कर घर के अंदर बल्ली से लटका हुआ था। प्रथम दृष्टया आत्महत्या लग रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही कुछ स्पष्ट हो सकेगा।