घोसिया। वाराणसी-प्रयागराज राजमार्ग पर औराई थानाक्षेत्र के तिउरी गांव के समीप रविवार की रात हुए सड़क हादसे में व्यापारी श्रीकांत उमर वैश्य (28) पुत्र स्व. शंकरलाल उमर वैश्य निवासी सोनखरी की मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया।
गोपीगंज थानाक्षेत्र के सोनखरी निवासी श्रीकांत हार्डवेयर की दुकान है। वह रविवार को वाराणसी जिले के कपसेठी में अपनी बहन के घर गया था। वहां से बाइक से घर लौट रहा था। तिउरी पहुंचने पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घायल हो गए। आसपास के लोगों की सहायता से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार कर चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। तब तक जानकारी होने पर परिजन भी पहुंच गए। वाराणसी ले जाते समय श्रीकांत ने रास्ते में दम तोड़ दिया और शव लेकर परिजन घर लौट आए। सूचना पर औराई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। श्रीकांत को एक आठ माह की पुत्री है।