बिजली अनापूर्ति से नगरवासियों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। ज्ञानपुर नगर में जला 400 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर शनिवार को 50 घंटे बाद भी नहीं बदला जा सका था। इससे लगभग आधा नगर प्रचंड गर्मी में बिन बिजली रहने को मजबूर हो गया। बृहस्पतिवार शाम को छह बजे के आसपास गुल हुई बिजली का शनिवार को शाम सात बजे तक दर्शन नहीं हो सका था। इससे सैकड़ों लोगों को पीने के पानी तक के लिए परेशान होना पड़ा।
ज्ञानपुर नगर में रोडवेज के समीप लगा 400 केवीए का ट्रंासफार्मर बृहस्पतिवार की शाम करीब छह बजे फुंक गया। यह ट्रांसफार्मर पखवारे भर पहले ही बदला गया था। तब लंबी मशक्कत के बाद पांच दिन झेलने के बाद नगरवासियों को दूसरा ट्रांसफार्मर मिल सका था। बृहस्पतिवार को उसी ट्रांसफार्मर के दोबारा जल जाने से नगर के एक बड़े हिस्से में बिजली समस्या गहरा गई है। ट्रांसफार्मर से जुड़े नगर के कुंवरगंज, छोटाडीह, मुख्य नगर के अलावा आधा दर्जन से अधिक मोहल्लों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। लोग पीने के पानी के लिए भी बंदोबस्त करते देखे गए। ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति होने वाले इलाके में कई सरकारी और गैर सरकारी कार्यालय भी मौजूद हैं। इससे शनिवार को तमाम जरूरी काम प्रभावित हुए। दूसरी ओर बिजली विभाग ओवर लोड को इस समस्या का कारण बता रहा है। एक्सईएन अवधेश पासवान ने कहा कि ट्रांसफार्मर बदलवाने के लिए प्रयास जारी है, जल्द ही आपूर्ति बहाल की जाएगी।
इनसेट
स्पीकअप
ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाएं तो बने बात
ज्ञानपुर। दो दिन से अधिक समय से बिजली आपूर्ति ठप होने से नगर के लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।नगरवासियों का कहना है कि इसमें सुधार नहीं किया गया तो मजबूर होकर सड़क पर उतरना पड़ेगा।
कुंवरगंज मोहल्ले के गोरेलाल रावत ने कहा कि ट्रांसफार्मर की 400 केवीए की क्षमता बढ़ाने की मांग कई माह से की जा रही है, लेकिन उसे नहीं बढ़ाया जा रहा है। इससे अक्सर ट्रांसफार्मर जल जा रहा है। दूकानदार रजनीश कुमार ने कहा कि 50 घंटे से बिजली न आने से दूकानदारी प्रभावित हो रही है। शाम ढलते ही दूकान पर अंधेरा छा जा रहा है। रघुनाथ मालवीय ने कहा कि बिजली विभाग अवैध कनेक्शनधारकों पर कार्रवाई नहीं कर रहा है, जिससे ट्रांसफार्मर पर लोड़ बढ़ रहा है और ट्रांसफार्मर 15 से 20 दिन भी नहीं चल पा रहा है। सुभाष यादव ने बिजली की समस्या की दिशा में गंभीरता से नहीं सोचा जा रहा। अभी यह हाल है तो आने वाले मई-जून में क्या होगा।
विभाग के पास ट्रॉली ट्रांसफार्मर भी नहीं
ज्ञानपुर। विभाग की सबसे बड़ी समस्या यह है कि इसके पास पूरे जिले में एक भी ट्रॉली ट्रांसफार्मर नहीं है। ताकि आपातकाल में इसे लगाकर बिजली कटौती की समस्या से लोगों को तत्काल निजात दिलाई जा सके। एक्सईएन अवधेश पासवान के मुताबिक कम से कम जिला मुख्यालय पर एक ट्रॉली ट्रांसफार्मर की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इसके लिए सांसद से लेकर विधायकों तक से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक सकारात्मक परिणाम नहीं निकल सका है। हालांकि इसके लिए प्रयास जारी है।