मऊ जिले के निवासी स्कार्पियो चालक की हत्या कर गाड़ी लूटने के मुख्य आरोपी ने मंगलवार को पूछताछ में बताया कि जुए में हारी गई रकम चुकता करने के लिए उसने स्कार्पियो लूट की साजिश रची थी। इसके लिए चालक की हत्या करनी पड़ी।
मऊ जिले के कोपागंज थाना क्षेत्र के सहरोज गांव निवासी स्कार्पियो चालक अमर प्रकाश राय हत्याकांड का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया।
पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक पीके मिश्र ने गिरफ्तार चारों आरोपियों को मीडिया के सामने पेश किया। सभी आरोपी गाजीपुर जिले के निवासी हैं। मुख्य आरोपी सोनूराम निवासी विशेषरपुर थाना मुहम्मदाबाद, गाजीपुर ने साथियों के साथ स्कार्पियो चालक की हत्या कर गाड़ी लूटने की बात कबूली। बताया कि जुआ खेलने के कारण कर्ज हो गया था। यह रकम चुकता करनी थी। इसके लिए 12 अप्रैल को जंगीपुर थानाक्षेत्र के देवकठिया निवासी धर्मेंद्र दलित, रविंद्र दलित के अलावा गाजीपुर कोतवाली क्षेत्र के अंधऊ निवासी जितेंद्र दलित को साथ लेकर साजिश रची गई।12 अप्रैल को रात दस बजे मऊ रोडवेज डिपो के पास ट्रवेल्स एजेंसी से स्कार्पियो बुक की। नंदगंज पहुंचने पर चालक अमर प्रकाश को आराम करने के लिए कहा और गाड़ी जितेंद्र चलाने लगा। नंदगंज और वाराणसी के बीच तीनों ने गला दबाकर अमर प्रकाश की हत्या कर दी। शव फेंकने के लिए सुनसान स्थान की तलाश में मिर्जापुर तक पहुंच गए, लेकिन मौका न मिलने के कारण वे शास्त्री पुल से गोपीगंज की ओर रवाना हो गए। चंद्रपुरा में रात के समय सुनसान स्थान देखकर शव को फेंककर सीतापुर चले गए। वहां उन्होंने होटल में कमरा लिया, लेकिन पुलिस के चक्कर काटने के कारण चारों होटल में कपड़े आदि छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने चारों आरोपियों को जंगीगंज क्षेत्र से पकड़ने का दावा किया है। डीआईजी और एसपी ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।