ज्ञानपुर।महानवमी पर सोमवार को दुर्गापूजा पंडालों में आकर्षक प्रतिमाओं के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। सुबह से लेकर देर रात पंडालों में मां दुर्गा की जयकार होती रही। पंडालों में हर जुबान मां के जयकारे ही गूंजते रहे। नगर और ग्रामीण इलाकों में भी लाखों भक्त दर्शन पूजन के लिए पहुंचे। दर्शन पूजन के बाद लोगों ने मेले का आनंद लिया। भीड़ से सड़कों पर भी जाम की स्थिति बनी रही।
वैदिक मंत्रोच्चार, देवी गीत, रामलीला मंचन और मां के जयकारों से कोना-कोना देवी उपासना में लीन नजर आ रहा है। देवी मंदिरों और पंडालों में सुबह-शाम आस्था का सैलाब उमड़ा। ज्ञानपुर के हरिहरनाथ मंदिर, दूधनाथ मंदिर, कागभुसुंडी आश्रम, मिश्रा मार्केट, छोटा डीह, बड़ाडीह में स्थापित पंडालों पर लोगों की भीड़ उमड़ी। नवरात्र को लेकर पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान हवन-पूजन कर लोक कल्याण की कामना की गई।सुबह-शाम आरती, हवन आदि किया जा रहा है। पंडालों में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। इसके अलावा पुरानी बाजार, नगर पंचायत गली समेत विभिन्न स्थानों पर पंडाल बनाए गए हैं।