फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhadohi News: 4.50 करोड़ से बना गेस्ट हाउस, मार्च से संचालन होने की उम्मीद

विज्ञापन
ज्ञानपुर तहसील में बन रहा राजकिय गेस्ट हाउस। संवाद
विज्ञापन
ज्ञानपुर। सब कुछ ठीक रहा तो जिले को जल्द ही तीसरा गेस्ट हाउस मिल जाएगा। साढ़े चार करोड़ की लागत से ज्ञानपुर के पुरानी तहसील परिसर में निर्माणाधीन राजकीय गेस्ट हाउस का काम 90 फीसदी पूरा हो चुका है। लोक निर्माण विभाग होली से पहले इसको हैंडओवर कराने में जुट गया है। टाइल और रंग-रोगन का काम अभी बचा है। गेस्ट हाउस बनने से जिले में बाहर से आने वाले अधिकारियों के साथ ही जनप्रतिनिधियों को सहूलियत मिलेगी।
विज्ञापन

जिले में अब तक दो गेस्ट हाउस बनाए गए हैं। पहला गेस्ट हाउस ज्ञानपुर तहसील के पास और दूसरा वाराणसी, प्रयागराज हाइवे पर लालानगर टोल प्लाजा के पास है। हाइवे पर स्थित राही पर्यटक गेस्ट हाउस की हालत ठीक नहीं है। शासन से आने वाले नोडल अफसर, मंत्री से लेकर अन्य जनप्रतिनिधि ज्ञानपुर के तहसील के पास स्थित गेस्ट हाउस में ही ठहरते हैं। अक्सर शासन से एक ही दिन दो बड़े अधिकारी से लेकर मंत्री के आने पर ठहराव में दिक्कतें होती हैं। पांच से छह साल पहले नए राजकीय गेस्ट हाउस के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई थी। इसको अमली जामा साल 2024 में पहनाया गया। पुरानी तहसील परिसर में जमीन का चयन कर निर्माण शुरू किया गया। करीब डेढ़ साल में गेस्ट हाउस का ग्राउंड फ्लोर और प्रथम तल बनकर तैयार हो चुका है। टाइल लगाने का काम अंतिम दौर में है। लोक निर्माण विभाग की ओर से गेस्ट हाउस को हैंडओवर कराने की कवायद शुरू हो गई है। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण संदीप सरोज ने बताया कि जिले में तीसरा गेस्ट हाउस पुरानी तहसील परिसर में बन रहा है। 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है। रंगरोगन का काम पूरा कराकर होली से पहले हैंडओवर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर पर छह सूट और मीटिंग हॉल बन रहा है। इसके अलावा अन्य महत्वपूर्ण सुविधाएं इसमें रहेंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें