लालानगर/कौलापुर। बनारस की गायिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोपी बाहुबली विधायक विजय मिश्र का पौत्र विकास मिश्र सोमवार को गिरफ्तार हो गया। पुलिस ने उसे कौलापुर रेलवे क्रॉसिंग के समीप पकड़ा। गत 18 अक्तूबर को गोपीगंज थाने में सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज कराया गया था। इस मामले में विधायक और उनका पुत्र भी आरोपी है।
18 अक्तूबर को वाराणसी की एक महिला सिंगर ने ज्ञानपुर विधायक, उनके पुत्र विष्णु और भतीजे के पुत्र विकास पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए गोपीगंज थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था। हालांकि विधायक को इससे पूर्व रिश्तेदार से संपत्ति विवाद में मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिले से गिरफ्तार कर लिया गया था लेकिन, पुत्र और पौत्र पुलिस की पकड़ से बाहर थे। पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर गोपीगंज कोतवाल केके सिंह हमराहियों के साथ कौलापुर रेलवे क्रॉसिंग पहुंचे और मौके से विकास मिश्र उर्फ ज्योति को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। वहीं आरोपी विकास ने कहा पुलिस उसे थाना बुलाकर पकड़ी है। कहा कि वह 2015 से घर था ही नहीं। जिले में न होने के बाद भी उस पर मुकदमा दर्ज किया गया।