जंगीगंज। डीलर एसोसिएशन की बैठक रविवार को गोधना-सूफीनगर स्थित पेट्रोल पंप पर हुई। इसमें सिक्सलेन पर प्रमुख स्थानों पर कट प्वाइंट न बनाने को लेकर नाराजगी जताई गई। विनोद मिश्रा ने कहा कि सिक्सलेन बनाने के नाम पर एनएचएआई ने मनमानी ढंग से कट प्वाइंट को बंद कर दिया। इससे पेट्रोल पंप संचालकों, होटल, ढाबा, गैरेज आदि प्रतिष्ठानों के संचालक भुखमरी के कगार पर पहुंच चुके हैं।
पूर्व में कई बार जिला प्रशासन से लेकर वाराणसी, प्रयागराज स्थित पेट्रो पदार्थ की कंपनी अधिकारी, आपूर्ति विभाग को मांगपत्र देकर समस्या का समाधान कराने की मांग की गई लेकिन सुनवाई नहीं हो सकी। कट प्वाइंट के बंद हो जाने से न वाहनों चालक डीजल और पेट्रोल के लिए परेशान हैं और पंप संचालक लागत निकालने के लिए। जबकि 72 किलोमीटर वाले राजातालाब-हंडिया खंड पर सिर्फ भदोही जिले से होकर वाराणसी और प्रयागराज की सीमा को जोड़ रही 38 किलोमीटर की लंबाई में उपेक्षा हुई है। राजातालाब के आगे कोई बैरिकेडिंग की सीमा नहीं है, पश्चिमी छोर पर संचालित हो रहे एनएचएआई कार्यालय में तैनात कर्मचारियों की मिलीभगत से इस तरह की समस्या झेलनी पड़ रही है जिस पर शासन-प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो एसोसिएशन आगे की रणनीति तैयार करने के लिए बाध्य होगा।
पदाधिकारियों ने सर्विसलेन की चौड़ाई पांच मीटर से बढ़ाने, निर्माण में मानक की अनदेखी से टूट रही लेन का पुनर्निर्माण कराने, सर्विसलेन पर अवैध पार्किंग रोकने, राजमार्ग पर दुर्घटनाओं को बढ़ा रहे छुट्टा पशुओं को गोशाला पहुंचाने, सर्विस लेन के किनारे बने नाले को ढंकने, सर्विस लेन से सटी अवैध दुकान, गैरेज को हटवाने, पेट्रोल पंप के सामने कट प्वाइंट खोलकर संकेतक चिह्न लगाने आदि मांगें नहीं मानी गई तो विरोध किया जाएगा। इस मौके पर अतुल सिंह, तीर्थराज शुक्ल, सर्वेश कुमार, राजकुमार, गुड्डू, राकेश कुमार आदि रहे।