इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने का एलान किया। साथ ही डिप्लोमा इंजीनियरों ने कार्य बहिष्कार भी किया।
उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासभा की जिला इकाई ने बृहस्पतिवार से जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। कहा कि हम अपनी मांगें मनवाने के लिए इस बार आरपार की लडाई के लिए तैयार हैं।
ग्रेड पे बढ़ाकर 4800 रुपये करने की मांग को लेकर डिप्लोमा इंजीनियर्स लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। इसको लेकर बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय पर दो दिवसीय धरना की शुरुआत हुई।
इस मौके पर प्रदर्शनकारी इंजीनियरों ने कहा कि सरकार के हमारी मांग पर सहमत होने बावजूद अब तक शासनादेश जारी नहीं किया गया। कहा कि सरकार जो विकास के दावे करती है, उसमें इंजीनियरों की भूमिका सबसे ज्यादा होती है।
कहा कि जब तक सरकार शासनादेश जारी नहीं करती, तब तक हम लोग शांत नहीं बैठेंगे। आरोप लगाया कि सरकार जान बूूझकर हमारी मांग को पूरा करने में विलंब कर रही है।
इस मौके पर देवी चरण यादव, शहजादे खां, एसके पांडेय, डीके मिश्र, धर्मराज यादव, गोपाल कृष्ण चंद्र, आनंद कुमार सिंह, एके पांडेय, विकास यादव, डीके सिंह, सुजीत, संजय सिंह आदि मौजूद रहे।