जंगीगंज। बाजार के धनतुलसी मार्ग स्थित गल्ले की दूकान पर सरकारी अनाज वाहन से उतरने की जानकारी पर एसडीएम, सीओ और एसएमआई ने बृहस्पतिवार को छापेमारी की। छापेमारी में अधिकारियों ने करीब 249 बोरी गेहूं और चावल बरामद किया। जबकि पास की दूकान पवन ट्रेडिंग कंपनी को भी लाइसेंस न दिखाने पर सील कर दिया। दूकान से मिले अनाज को अधिकारियों ने जब्त कर लिया। अधिकारियों को देखकर दूकानदार शिव बालक और पिकअप चालक फरार हो गए। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया गया। अफसरों की छापेेमारी से बाजार के अन्य दूकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दूकानदार सूचना मिलते ही दूकान बंद कर खिसक गए।
धनतुलसी मार्ग स्थित दूकान पर सरकारी अनाज उतरने की सूचना पर बृहस्पतिवार को एसडीएम केशवनाथ गुप्ता, सीओ एसएस पांडेय और एसएमआई विनय दुबे ने मयफोर्स छापेमारी की। इस दौरान टीम ने पिकअप वाहन से उतर रहे अनाज को जब्त कर लिया। दूकान शिवबालक जायसवाल की बताई गई। चालक और दूकानदार भी मौके पर नहीं मिले। छापेमारी में 109 बोरी चावल और 140 बोरी गेहूं बरामद किया गया। जब्त अनाज को एसडीएम ने एसएमआई के सुपुर्द कर दिया। इसके अलावा पास की दूकान पवन ट्रेडिंग कंपनी को सील किया गया। यह दूकान लाइसेंस न दिखाने पर सील की गई। छापेमारी की खबर लगते ही दूकान पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। बरामद अनाज की बोरियों की अधिकारियों ने तौल भी कराई। एसडीएम ने बताया कि सरकारी अनाज पिकअप से उतरने की जानकारी की सूचना पर पहुंचे थे। पिकअप से अनाज उतर रहा था। मौके पर से 249 बोरी गेहूं और चावल बरामद हुए हैं। शिवबालक की दूकान का लाइसेंस नहीं है। बरामद अनाज सरकारी है। उसे एसएमआई के सुपुर्द किया गया है। समाचार दिए जाने तक दूकानदार और वाहन पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था।