भदोही। नगर के अहमदगंज रेलवे क्रासिंग आवागमन के लिए पूरी तरह से बंद तो कर दिया गया है लेकिन आवाजाही नहीं रुक रही है। बाइक सवार जैसे तैसे निकलना चाहते हैं जिससे जिससे आए दिन दुर्घटना होती रहती है। इसी क्रम में बीती रात लगभग 10 बजे एक युवक बाइक से गुजर रहा था तभी मालगाड़ी की चपेट में आकर बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मौके से लोगों ने बताया कि मालगाड़ी की रफ्तार तेज होने से बाइक उसमें फंस कर काफी दूर तक चली गई थी।मौके पर पहुंच कर कोतवाली पुलिस ने छानबीन की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
कस्बा पुलिस चौकी प्रभारी प्रवीण शेखर ने बताया कि मृतक की पहचान मोढ़ निवासी जय पंडित (32) के रूप में हुई है। घटना के बाद हुई आवाज से आसपास के रहने वालों की वहां भीड़ लग गई। लोगों ने बताया कि जब तक इस रास्ते से आने जाने पर पूरी तरह रोक नहीं लगेगी तब तक ऐसी घटनाएं होती रहेंगी।
जानकारी हो कि उक्त रेलवे क्रासिंग पर वर्षों से ओवर ब्रिज का निर्माण हो रहा है। रेलवे ने उक्त फाटक के गेटमैन को हटाकर रास्ते को तो पूरी तरह बंद कर दिया है लेकिन फिर भी वाहन स्वामी इसी रास्ते से आते-जाते हैं। लोगों का कहना है कि इस मार्ग से आने जाने वालों के खिलाफ अब सीधे कार्रवाई चाहिए तभी आवागमन पर रोक लग सकेगी।