भदोही के लीलाधरपुर गांव में हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी माैके पर पहुंच गई थी। आसपास के लोगाें की सहायता से दोनों घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
UP Accident : कोतवाली क्षेत्र के भदोही-मिर्जापुर मार्ग स्थित लीलाधरपुर (आशापुर) गांव के पास बुधवार की देर शाम सड़क हादसे में बाइक सवार पूर्व प्रधान समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। दोनों लोग देर शाम काम से घर लौट रहे थे।
विज्ञापन
कोतवाली के सरौली गांव निवासी पूर्व प्रधान हृदय नारायण यादव (58) उनके पड़ोसी गांव पूरेउचित निवासी प्रेमचंद्र यादव (57) भदोही शहर के रजपुरा चौराहा स्थित एक सीए समरजीत यादव के यहां मुनीम का काम करते थे। दोनों लोग बुधवार की शाम को काम से छूटने के बाद एक ही बाइक पर सवार होकर घर को निकले।
भदोही-मिर्जापुर मार्ग स्थित लीलाधरपुर (आशापुर) गांव के पास पहुंचे थे कि उसी दौरान औराई से भदोही की ओर तेज गति से जा रहे कार का अगला पहिया फट गया। जिससे वाहन अनियंत्रित होकर बाइक में जोरदार धक्का मार दिया। दोनों अधेड़ दूर सड़क पर जा गिरे।
विज्ञापन
आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को भदोही शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। यहां पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक अंजनी राय ने बताया कि देर शाम को दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है।