कुर्बानी का पर्व ईदुज्जुहा (बकरीद) शनिवार को मनाया जाएगा। इसकी पूर्व संध्या पर जहां बकरों की मंडी में भारी भीड़ रही वहीं अंतिम दौर की खरीदारी के लिए लोग देर रात तक बाजार में खरीदारी करते रहे। आज शाम ही नगर की विभिन्न ईदगाहों की साफ सफाई कर नमाज की तैयारियों का अंतिम रूप दिया गया। बकरीद के मद्देनजर नगर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम कराते हुए जगह जगह फोर्स तैनात कर दी गई है।
बकरीद पर नमाज अदाकर अकीदतमंद मुसलमान अल्लाह की राह में कुर्बानी करते हैं। शनिवार को देर रात तक कुर्बानी के बकरों की खरीदारी के लिए मंडी में भीड़ लगी रही तो बाजारों में भी मसालों-सेवईं आदि की खरीदारी में लोग जुटे रहे। नईबाजार ईदगाह के अलावा भदोही के अजिमुल्लाह चौराहा व अन्य ईदगाहों में आज साफ सफाई कर नमाज की पूरी तैयारी कर ली गई। पर्व को लेकर मुस्लिम बच्चों में खासा उत्साह देखा गया।
उधर पुलिस प्रशासन द्वारा नमाज और कुर्बानी को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम करा दिए गए हैं। पुलिस उपाधीक्षक परमहंस मिश्र ने बताया कि भदोही शहर में दो एसडीएम, तीन सीओ, छह इंस्पेक्टर के अलावा 3 सौ पुलिस जवान तैनात रहेंगे।
इसके अलावा महिला पुलिस और पीएसी की ड्यूटी लगाई गई है जो नगर के संवोदनशील स्थानों पर लगाए गए हैं। उपजिलाधिकारी आशीष कुमार ने पालिका अधिकारियों को साफ सफाई और निर्बाध जलापूर्ति के लिए निर्देशित किया है।