मानसून की बेरुखी से किसान तो परेशान हैँ ही वहीं उमस और गर्मी से भी लोग बेहाल है। धान की रोपाई शुरू होने के बाद भी बारिश के आसार नहीं दिख रहे। हालांकि शनिवार को जिले के कुछ क्षेत्रों में हुई बारिश से राहत मिली। इस दौरान खेवखर (बरियारपुर) में धान की रोपाई करने गई एक किशोरी की बिजली गिरने से मौत हो गई।
सुरियावां संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र के खेवखर (बरियारपुर) गांव में बारिश के समय बिजली गिरने से अंशु यादव (17) पुत्री संतोष यादव की मौत हो गई। शनिवार को वह परिवार के अन्य महिलाओं संग धान की रोपाई करने खेत में गई थी। उसी दौरान बारिश के साथ तेज बिजली चमकी। जिसकी चपेट में अंशु आ गई। परिवार वाले उसे निजी अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं जिन इलाकों में बारिश नहीं हुई वहां उमस और गर्मी से लोग बेहाल रहे। जून के पहले पखवारे में हुई बारिश के बाद तकरीबन एक पखवारे से बारिश नहीं हो रही है। हल्की बूंदाबांदी तो कभी आधे घंटे की बारिश क्षेत्रवार हो रही है। शनिवार का सुरियावां, अभोली क्षेत्र में दोपहर करीब एक बजे आधे घंटे बारिश हुई। इससे रोपाई में जुटे किसानों को राहत मिली, लेकिन ज्ञानपुर, गोपीगंज, भदोही, चौरी, महराजगंज, औराई, सीतामढ़ी आदि क्षेत्रों में बारिश की बूंद भी नहीं गिरी। जिससे लोगों को उमस से परेशान होना पड़ा।