उत्तर प्रदेश किसान सभा जिला इकाई द्वारा भदोही रजवाहा माइनर में पानी छोड़ने के लिए शुक्रवार से शुरू अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को दूसरे दिन भी चला। किसानों ने कहा कि जब तक माइनर में पानी नहीं छोड़ा जाएगा तब तक आंदोलन खत्म नहीं होगा। सिविल लाइन स्थित ज्ञानपुर नहर प्रखंड कार्यालय पर चल रहे धरना में किसान नेताओं ने कहा कि हर तरफ से किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है।
संसाधन होते हुए भी किसानों के हित में उसका इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। जब तक पूरी क्षमता से नहर में पानी नहीं छोड़ा जाएगा तब तक हम सब यहां से हटने वाले नहीं हैं। सभा के अध्यक्ष रमापति यादव ने कहा कि किसानों के बेहन डालते समय भी नहर में पानी नही था। इस समय पूरी तरह से सूखा पड़ा है। धान की रोपाई का समय है फिर भी पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। हाल यह है कि अधिकारी कार्यालयों के एसी में चैन की नींद ले रहे है। जिला मंत्री इंद्रदेव पाल ने कहा कि भदोही रजवाहा माइनर से टेल तक पानी इस वर्ष के फसलों के लिए बेहद अहम है। ऐसा नहीं हुआ तो किसानों को इस वर्ष के फसल से वंचित होना पड़ेगा।