भदोही जिले के गोपीगंज कोतवाली के बड़ा कोइलरा गांव में सांप के काटने से नेहा बिंद (19) पुत्री रामधर बिंद की मौत हो गई। वह घर में खाना बनाते समय टांड़ पर रखा उपली निकाल रही थी। इस दौरान सांप से उसे डंस लिया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
बड़ा कोइलरा निवासी रामधर बिंद की 19 वर्षीय पुत्री नेहा बिंद हाईस्कूल की छात्रा थी। रविवार की देर शाम खाना बनाने के लिए टांड़ पर रखा उपली निकालने पहुंची। इस बीच उपली में ही छिपे सांप ने उसे डंस लिया। सांप के काटने के बाद युवती तड़पने लगी। घबनाए परिजन उसे लेकर मिर्जापुर के कछवा स्थित एक अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की जानकारी होते ही स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतका नेहा तीन बहनों व दो भाइयों में तीसरे नंबर पर थी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों का आरोप है कि मामले की वन विभाग को जानकारी दी गई, लेकिन कोई रेस्क्यू करने नहीं पहुंचा। बाद गांव में एक सपेरे को बुलाकर सर्प को पकड़वाया।