गोपीगंज। कोतवाली पुलिस ने सोमवार को गांजा तस्करी के तीन आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की। आरोप है कि आरोपी गिरोह बनाकर गांजा तस्करी का काम करते थे। सीओ ज्ञानपुर चमन सिंह चावड़ा ने बताया कि बीते 21 अप्रैल को मुखबिर की सूचना के आधार पर तीन शातिर गांजा तस्करों को अमवा जाने वाली सड़क मार्ग से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उनके पास से 6 बोरी में अवैध गांजा बरामद किया था। जिसका वजन एक क्विंटल तीन किलो 490 ग्राम था।
बताया कि इस दौरान पुलिस ने तस्कर निलेश लोधी निवासी पुरवा, हथगांव फतेहपुर, हरविंदर सिंह यादव निवासी आवागढ एटा और मोहित परासर निवासी कचहरी रोड आवागढ, एटा को गिरफ्तार किया था। बताया कि जांच में पता चला कि तस्करों का एक गिरोह है। जिसका गैंग लीडर निलेश लोधी है। जिसके बाद इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। गोपीगंज कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।