दुर्गागंज। थाना क्षेत्र के हरदुआ गांव में डेढ़ महीने पहले असलहे से फायरिंग और बमबाजी करने के आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। पुलिस ने गैंग लीडर समेत छह सक्रिय सदस्यों के खिलाफ रविवार को गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की।
बीते 24 मई की रात करीब नौ बजे हरदुआ गांव में आपसी विवाद में कुछ युवकों ने जान से मारने की नियत से दूसरे पक्ष पर असलहे से फायरिंग और बमबाजी की थी। जिसमें पुलिस ने विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। घटना के बाद आरोपियों को पुलिस ने एक सप्ताह के अंदर गिरफ्तार भी कर लिया। उनके पास से अवैध तमंचा, कई देशी बम आदि भी बरामद हुए। अब डेढ़ महीने बाद सभी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। गैंग लीडर लकी गिरि निवासी गोसाई का पुरवा, दीप यादव, मंजीद पासी, विकास सरोज, सर्वेंद्र गिरि और धीरज कुमार निवासी हरदुआ के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि यह संगठित आपराधिक गिरोह जनपद स्तर पर सक्रिय है। सभी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।