पुलिस लाइन का निरीक्षण करते डीआईजी
पुलिस उप महानिरीक्षक विंध्याचल मंडल रतन कुमार श्रीवास्तव ने मंगलवार को जिले में वार्षिक निरीक्षण किया। पुलिस लाइन में बैरक, आवास और शस्त्रागार का निरीक्षण करने के बाद पुलिस कार्यालय सरपतहां का जायजा लिया। उसके बाद अपराध समीक्षा बैठक में अपराधिक घटनाओं में लिप्त लोगों पर गैंगेस्टर की कार्रवाई का निर्देश थानाध्यक्षों को दिया। सात साल से कम सजा वाले मामलों को एक सप्ताह में निस्तारित करने के लिए कहा। छठवीं के छात्र आशुतोष सिंह के अपहरण का खुलासा आठ घंटे के अंदर करने वाली टीम को उन्होंने पुरस्कृत किया।
मंगलवार को सुबह आठ बजे पुलिस लाइन पहुंचे डीआईजी रतन कुमार श्रीवास्तव को सलामी दी गई। पुलिस लाइन में पहुंचने के बाद उन्होंने बैरक, आवास, शस्त्रागार का निरीक्षण करने के बाद अफसरों को दिशा-निर्देश दिया। सुबह 10 बजे पुलिस कार्यालय सरपतहां को देखा। दोपहर 12 बजे पुलिस लाइन सभागार में सैनिक सम्मेलन और अपराध समीक्षा की बैठक ली। उन्होंने सभी क्षेत्राधिकारियों,प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि बड़े मामलों के अपराधियों पर गुंडा एक्ट के बाद गैंगेस्टर की कार्रवाई करें। 2015 के लंबित मुकदमों को प्राथमिकता से निपटाएं। जो मुकदमे 7 वर्ष से कम सजा वाले हैं, उन्हें एक सप्ताह में निस्तारित करें। मारपीट के दौरान एक्सरे में फ्रैक्चर हैं, उसमें तत्काल सुसंगत धारा में बढ़ोतरी करें। चुनावी वर्ष होने पर सभी को सतर्क रहने के लिए कहा। उन्होंने धनतुलसी के छात्र आशुतोष सिंह के अपहरण का मामला आठ घंटे में सुलझाने वाली क्राइम ब्रांच और कोईरौना पुलिस टीम को पुरस्कृत किया। इस मौके एसपी पीके मिश्रा, एएसपी लल्लन प्रसाद यादव, क्षेत्राधिकारी एसएस पांडेय सहित सभी थानाध्यक्ष मौजूद रहे।