सीतामढ़ी। लंबे समय बाद गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी शुरू हुई है। गुजरे 24 घंटे के दौरान गंगा का जलस्तर आधा मीटर बढ़ गया। केंद्रीय जल आयोग के सीतामढ़ी स्थित कार्यालय के मीटर गेज पर शनिवार को गंगा का जलस्तर 72.170 मीटर रिकॉर्ड किया गया।
कई दिनों से स्थिर रहे गंगा के जलस्तर में शुक्रवार से फिर बढ़ोतरी शुरू हो गई है। चौबीस घंटे में जल स्तर में आधा मीटर से अधिक की वृद्धि हुई है। धार्मिक एवं पर्यटन स्थली सीतामढ़ी में गंगा का जलस्तर धीरे-धीरे घाट की पक्की सीढ़ियों की ओर बढ़ रहा है। हालांकि जलस्तर बढ़ाव की गति में कमी आ गई है और अब महज एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की दर से जलस्तर बढ़ रहा है। वर्तमान में भी गंगा का जलस्तर खतरा बिंदु से काफी नीचे है। बाढ़ की दृष्टि से अति संवेदनशील और तीन ओर गंगा से घिरे कोनिया क्षेत्र में अभी किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं है। केंद्रीय जल आयोग के सीतामढ़ी मीटर गेज से प्राप्त आंकड़े के अनुसार शनिवार को जलस्तर में स्थिरता बनी रही।