न्यू गणेश उत्सव मंडल की ओर से गोपीगंज नगर में स्थापित गणेश प्रतिमा के विसर्जन के लिए निकला जुलूस।
नगर क्षेत्र में गणेश पूजा का दौर अपने चरम पर पहुंच गया है। विभिन्न मोहल्लों और मार्गों पर पंडालों में स्थापित आकर्षक गणेश प्रतिमाओं की पूजा करने बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कई पंडालों में बुधवार को आरती और भंडारे का कार्यक्रम रखा गया है।
भदोही नगर में 26 और नईबाजार में 12 स्थानों पर प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। कई प्रतिमाओं में गणेश पूजा समिति के पदाधिकारियों ने खुद मेहनत कर प्रतिमाएं और पंडाल सजाए हैं। भगवान गणपति की पूजा करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है।
पुरानी बाटा गली को पूरी तरह से सजा संवार कर मुख्य द्वार पर आकर्षक गेट बना दिया गया। बिजली के झालरों का भी इस्तेमाल किया गया है। गणेश पूजा समिति द्वारा लगातार चौथे वर्ष की गई आकर्षक सजावट का आनंद लेने के लिए श्रद्धालु आकर्षित हो रहे हैं। यहां बुधवार को महाआरती के बाद जागरण का आयोजन किया गया है। उधर बाल गोपाल गणेश पूजनोत्सव समिति द्वारा मेन रोड पर आकर्षक पंडाल सजाकर बुधवार को ही भजन संध्या और महाआरती का आयोजन किया गया है। अहमदगंज श्रीराम जानकी मंदिर, श्री गणेश पूजा समिति रजपूरा, श्री गणेश पूजनोत्सव समिति रेलवे क्रासिंग पर भी आकर्षक सजावट के साथ प्रतिमाओं की स्थापना से बड़ी संख्या में श्रद्धालु खिंचे चले आ रहे हैं।
इस दौरान भक्ति गीतों पर भक्तजन झूमते नजर आए। श्री गणेश पूजा महासमिति के अध्यक्ष विनीत कुमार बरनवाल ने बताया कि भदोही और नईबाजार में स्थापित कुल 38 प्रतिमाओं को गुरुवार को ऊगापुर नहर में ले जाकर विसर्जित किया जाएगा।