एफएसटी और गोपीगंज पुलिस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी। रामपुर घाट तिराहे से 10 किलो 39 ग्राम अफीम बनाने वाले पोस्ता के दूध संग अंर्तराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया। तस्कर राजस्थान का रहने वाला है। दूध की कीमत 30 लाख बताई गई है। तस्कर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जेल भेज दिया है।
यह है पूरा मामला
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर एफएसटी की टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में लगाई गई हैं। मंगलवार की शाम को उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह, चंद्रमा प्रसाद यादव और उड़नदस्ता टीम के प्रभारी मनोज कुमार सिंह गोपीगंज में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे।
मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति पिट्ठू बैग में आपत्तिजनक सामान लेकर गंगा पार करने के लिए आ रहा है। सूचना पर चेकिंग कर रहे सभी अधिकारी और कर्मचारी सतर्क हो गए। कुछ देर बाद आए एक व्यक्ति को बैरियर के पास रोक कर उससे पूछताछ की तो उसने अपना नाम मुलाराम ग्राम अकदड़ा बोथो की ढ़ाड़ी थाना बाईतु जिला बाडमेर (राजस्थान) बताया। उसके पिट्ठू बैग की जांच पड़ताल की गई तो उसमे अफीम बनाने के लिए पोस्ता का दूध बरामद हुआ। जिसे सुखाकर अफीम बनाकर ऊंचे दामों में बेचने के लिए औरंगाबाद बिहार से लेकर आ रहा था।
मामले की जानकारी पर रामपुर घाट पहुंचे क्षेत्राधिकारी प्रभात राय के समक्ष बैग की तलाशी ली गई, जिसमें नाजायज अफीम बनाने वाले पोस्ता के दूध, जिसका वजन 10.39 ग्राम बरामद किया गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि आरोपी को जेल भेजा जा चुका है। उसके सहयोगियों के बारे में पता लगाया जा रहा है।