ज्ञानपुर। औराई ब्लॉक में तैनात एक कर्मचारी से उसकी पत्नी को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बनाने के नाम पर डेढ़ लाख की ठगी कर ली गई। नियुक्ति न होने पर जब रुपये मांगा तो एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी गई। पुलिस ने ठगी करने के आरोपी पर विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
छोटेलाल यादव निवासी जद्दूपुर सरौली ने तहरीर में बताया कि वह ब्लॉक औराई में कार्यरत हैं। सीडीपीओ कार्यालय में किसी काम से गए थे। वहीं पर जंगीगंज के कलनुआ निवासी राजेश कुमार सरोज मिले। कहा कि तुम्हारी पत्नी निशा देवी की नियुक्ति आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद पर करा दूंगा। मुझे 1.5 लाख रुपये दे दो। भरोसे में आकर अपने और अपने भाई के खाते से ऑनलाइन डेढ़ लाख भेज दिया। उनकी पत्नी की नियुक्ति नहीं की गई। जब रुपये मांगा तो लगातार धमकी दी गई। कहा गया कि रुपये भूल जाओ, जो करना हो कर लो, ज्यादा बोले तो एससी-एसटी एक्ट लगवा दूंगा। प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने कहा कि मामले में राजेश सरोज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की जांच की जा रही है। मामले की विवेचना एसआई गजानन चौबे को सौंपी गई है।