जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु ने शुक्रवार को जनपद भ्रमण के दौरान डीघ विकास खंड के दानीपट्टी गांव पहुंचे। पंचायत भवन परिसर में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। इस दौरान जिलाधिकारी ने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में ग्रामीणों से पूछा। चौपाल में अनुपस्थित चार अफसरों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण मांगा। इस दौरान ग्रामीणों को खुले में शौच न करने का संकल्प दिलाया।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से कहा कि तहसील दिवस, समाधान दिवस, जनता दर्शन में जिनकी शिकायतों का निस्तारण नहीं हुआ है, वह अपनी बात रखें। डीएम ने वरासत को लेकर सवाल किया तो ग्रामीण लालजी दूबे और शिवाकांत दूबे ने वरासत न होने की बात कही।
जिलाधिकारी ने लेखपाल को कड़ी फटकार लगाते हुए एक दिन के अंदर वरासत कराने को कहा। वृद्धा पेंशन की समीक्षा के दौरान मृतक पेंशनर मेवालाल, रमाशंकर, श्यामदेई के स्थान पर पात्रों का चयन करने को कहा। चौपाल में अनुपस्थित डीपीओ, सीडीपीओ और जिला प्रोबेशन अधिकारी को स्पष्टीकरण देेने का निर्देश दिया।
पशुओं का टीकाकरण न कराने की शिकायत को संज्ञान में लेते हुए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा। डीएम ने उपस्थित ग्रामीणों को खुले में शौच न करने का संकल्प दिलाने के साथ ही शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी आरपी मिश्र, पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद भूषण पांडेय, जिला आपूर्ति अधिकारी संजय पांडेय, मुख्य चिकित्साधिकारी डीके सोनकर समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।