चौरी थाने पर पकडे़ गए मोटरसाइकिल चोरी के आरोपी। स्रोत पुलिस
- फोटो : 1
चौरी/ज्ञानपुर। मास्टर चाबी की मदद से सुनसान जगहों पर खड़ी बाइक चुराने वाले गिरोह के चार शातिर बाइक चोरों को चौरी पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपियों से चोरी की चार बाइक के साथ कंधिया मेन रोड कपसेठी व चौरी बाॅर्डर पुलिया से गिरफ्तार किया। चोरों ने जौनपुर व भदोही के विभिन्न जगहों से बाइक चोरी की थी। वे बाइक का नंबर प्लेट बदलकर उसे बेच देते थे।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि जिले में बाइक चोरी के मामलों को लेकर लगातार नजर रखी जा रही थी। इस बीच चौरी पुलिस को सूचना मिली कि कुछ आरोपी चोरी की बाइक को लेकर वाराणसी जाने वाले हैं। मुखबिर की सूचना के बाद चौरी पुलिस सक्रिय हो गई।
चेकिंग के दौरान कंधिया मेन रोड कपसेठी व चौरी बार्डर पुलिया से पहले चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने अपना नाम नितेश पटेल उर्फ नन्हकू पटेल, राज पटेल उर्फ छोटू पटेल निवासी अमवा कला, भवानीपुर चौरी, आर्यन गुप्ता उर्फ विशेष गुप्ता व प्रियांशु सिंह उर्फ मोनू निवासी बरदहा, चौरी बताया। बताया कि वे सुनसान जगहों पर खड़ी बाइक को मास्टर चाबी से खोलकर चोरी करते और उसका नंबर प्लेट बदलकर बेच देते थे। वे बाइक को बेचने जा रहे थे। बताया कि चोरों के आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है। वही इनके द्वारा चोरी किए गए अन्य बाइकों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम को 10 हजार रुपये का इनाम दिया गया है।
सरगना बनारस हुआ गिरफ्तार, 10 चोरियों में शामिल है गैंग
एएसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि गिरफ्तार चारों शातिर बाइक चोर वाराणसी, भदोही व जौनपुर जैसे जिलों में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। गिरफ्तार चारों चोरों के गिरोह के सरगना रवि पटेल को वाराणसी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अब तक चार बाइक बरामद की गई हैं, लेकिन इस गैंग ने कम से कम 10 बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। बताया कि बीते तीन माह में जिले में भी करीब आठ से 10 बाइक चोरी की घटनाएं हुई हैं।