ज्ञानपुर। दीपावली के मद्देनजर जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शनिवार को औराई और गोपीगंज क्षेत्र में कई दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान मिलावटी और मानकविहीन खाद्य पदार्थ होने की आशंका में विभाग की ओर से सिंघाड़ा आटा, पनीर, मसाला, छेना, लड्डू, टोस्ट आदि के नमूने भरे गए।
जिले के मुख्य खाद्य निरीक्षक विनोद वर्मा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में दुकानों से लिए गए नमूने जांच के लिए विभागीय लैब में भेज दिया गया है। त्योहार के मद्देनजर विभाग की ओर से चालू सप्ताह में सक्रियता बढ़ा दी गई है। 17 अक्तूबर से जिले के बाजारों में अलग-अलग छापेमारी करके नमूनों को भरा गया है। इसमें सर्वाधिक नमूने औराई चौराहे के ईद गिर्द से अधिक हैं। सीएफआई विनोद वर्मा ने बताया कि 22 अक्तूबर को घोसिया नगर के जीटीरोड से रमाशंकर बरनवाल की दुकान से सिंघाड़े का आटा, मिर्जापुर रोड औराई से विजयनाथ यादव और बृजेश यादव की दुकान से बेसन का लड्डू, वहीं राजन मौर्य की दुकान से टोस्ट का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया है।
औराई चौराहे से शनिवार को विनोद जायसवाल की दुकान से घी, राजू जायसवाल की दुकान से मसाला, सुशील मोदनवाल की दुकान से छेने की मिठाई का नमूना भरा गया है। खाद्य विभाग की छापेमारी से औराई बाजार समेत आसपास के क्षेत्रों में खलबली मची रही। इसी तरह गोपीगंज चौराहा स्थित नोनियाली गली से पनीर सैंपल भरा। वर्मा ने बताया कि दुकानदार मुन्ना कानपुरी के खिलाफ लंबे समय से संदिग्ध सामग्री बिक्री की शिकायत मिल रही थी। टीम ने दुकान से पनीर का सैंपल लिया है। बताया कि जांच के बाद अगर मिलावट की पुष्टि हुई तो कार्रवाई तय होगी।