ज्ञानपुर में कोहरे के कारण सुबह हेडलाइट जलाकर जाता बाइक सवार।
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। कड़ाके की ठंड भले ही नहीं पड़ रही है, लेकिन कोहरे ने अपना रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार की रात से शुक्रवार की सुबह आठ बजे तक घने कोहरे के कारण वाहनों की रफ्तार थमी रही। वाहन सवार हेडलाइट जलाकर 15 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़े। वहीं दूसरी ओर अस्पताल में सर्दी-खांसी और कोल्ड डायरिया के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही, हालांकि चिकित्सकों का मानना है कि पूर्व की अपेक्षा ओपीडी अभी कम है।
बृहस्पतिवार की तरह शुक्रवार सुबह लोगों की आंखें खुली तो आसमान कोहरे से ढंका रहा। हाईवे से लेकर सामान्य सड़कों पर वाहन हेडलाइट जलाकर रेंगते हुए चल रहे थे। सुबह करीब आठ बजे कोहरा छंटने के बाद सूर्यदेव के दर्शन हुए लेकिन दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए। जिससे गलन बढ़ गई। ठंड के कारण कोल्ड डायरिया, सर्दी, खांसी, निमोनियां, खुजली के मरीज बढ़ गए है। चिकित्सकों की मानें तो इस प्रकार के मौसम में ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी। शुक्रवार को जिला अस्पताल में ज्ञानपुर निवासी हर्षिता (17) हैवतपुर निवासी गुलाबी देवी (70) जीरा देवी (60) ने सांस और कोल्ड डायरियां के इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती हुई।
जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रदीप सिंह ने बताया कि ठंड में कोल्ड डायरिया सर्दी, खांसी, बुखार, बुजुर्गों में सांस की परेशानी, दमा और बीपी के मरीज इलाज के लिए आ रहे है। तापमान में उतार-चढ़ाव में सावधानी बरतने की जरूरत है। सीएमएस डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि पहले की अपेक्षा ओपीडी कम हो रही है। शादी-विवाह का सीजन होने से लोग जिला अस्पताल में कम आ रहे। ज्यादातर लोग नजदीकी निजी अस्पतालों और मेडिकल स्टोर्स से सामान्य बीमारियों का दवा ले लेते हैं। यह ठीक नहीं है।