बैठक में अनुपस्थित रहे अधिकारियों को लेकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए पांच अधिकारियों का वेतन काटने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित शिकायतों को दस दिन के अंदर निस्तारित करवाने का निर्देश दिया।
जनशिकायतों के निस्तारण की धीमी प्रगति से नाराजु जिलाधिकारी ने अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि स्थिति में जितनी जल्दी हो सके सुधार करें। उन्होंने शासन के लंबित कार्यों को शीघ्र निपटाने का निर्देश दिया। कहा कि हाईकोर्ट के प्रकरणों में शपथ पत्र दाखिल करने की सूचना उपलब्ध कराने के साथ ही शिकायती रजिस्टर से मिलान कर उसे अपडेट कर लें। अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी । जनशिकायतों के निस्तारण संबंधी समीक्षा बैठक में गैरहाजिर रहने पर जिलाधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी, एआरटीओ, जिला भूमि संरक्षण अधिकारी, डायट प्राचार्य और डिप्टी आरएमओ का एक-एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को निर्देशित किया कि साफ्टवेयर में जो भी गड़बड़ी है, उसे तत्काल प्रभाव से दूर कराएं। साथ ही अधिकारियों को अलग-अलग पासवर्ड देने का निर्देश दिया। इस दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमतरी, शासन, परिषद, आयुक्त आदि संबंधी एसडीएम ज्ञानपुर के 159 प्रकरण, एसडीएम भदोही के 238 और एसडीएम औराई के 75 मामलों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।