ज्ञानपुर। जिले में कोरोना संक्रमण का ग्राफ अब तेजी से गिर रहा है। शनिवार को जांच रिपोर्ट में मात्र पांच संक्रमित मरीज मिले है। 24 संक्रमितों के स्वस्थ होने से अब एक्टिव केस की संख्या घटकर 224 रह गई है। इससे शासन और प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
कालीन नगरी में बेकाबू हुए कोरोना संक्रमण पर अब बहुत हद तक विराम लग चुका है। एक तरफ जहां पॉजिटिव रेट में गिरावट आई हैं। वहीं मृत्युदर भी कम हो गई है। नए संक्रमित मिलने से अब कुल संक्रमित की संख्या 7341 पहुंच गई है। जबकि 6957 लोग अब तक ठीक हो चुके है। अभी 224 लोग कोरोना से जंग लड़ रहे हैं। वहीं पिछले साल से अब तक कोरोना से 145 लोगों की मौत हो गई है। नए मिले संक्रमितों में साहुपुर में एक, मलेथू में एक, धरऊरा में एक, भदोही एक मरीज मिले है। इस संबंध में मुख्य चिकित्साअधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि नए संक्रमित मरीजों के इलाज के समुचित इंतजाम किए गए हैं। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए जरूरी कदम उठाएं जा रहे हैं। पहले की अपेक्षा अब संक्रमित लोगों की संख्या में कमी आ रही है। उन्होंने कोरोना प्रोटोकाल के पालन के लिए लोगों से अपील की है।