पीडीडीयू नगर। पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर शनिवार की रात चाय पीने के बहाने दुल्हन भागने लगी। हंगामा बढ़ा तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दुल्हन को पकड़ लिया। पता चला कि पूरा मामला शादी के नाम पर ठगी का है। देर रात तक थाने में पंचायत हुई बाद में ममला बिहार पहुंचा।
मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी राजीव वर्मा की शादी बिहार के डेहरी ऑन सोन की एक युवती से तय हुई थी। इस शादी के लिए तीन दलालों ने राजीव वर्मा से 1 लाख रुपये नकद और 80 हजार रुपये ऑनलाइन माध्यम से लिए थे। शादी संपन्न होने के बाद दूल्हा राजीव वर्मा अपनी नई नवेली दुल्हन के साथ मध्य प्रदेश वापस जा रहा था। पीडीडीयू जंक्शन पर पहुंचते ही दुल्हन ने हंगामा करना शुरू कर दिया। बाद में वह चाय पीने के बहाने स्टेशन के बाहर भागने लगी। मामला बिगड़ता देख स्टेशन पर भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दुल्हन को पकड़ लिया। यह मामला अब मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इसकी जांच-पड़ताल कर रही है। पीड़ित दूल्हे राजीव वर्मा ने पुलिस से अपने ठगे हुए पैसे वापस दिलाने की गुहार लगाई है। दुल्हन और तीनों दलाल भी बिहार के डेहरी ऑन सोन के ही बताए जा रहे हैं। इस संंबंध में मुगलसराय कोतवाल गगन राज ने बताया कि मामला कोतवाली में आया था, लेकिन पूरा मामला बिहार का था। दोनों पक्षों को समझा- बुझाकर शांत कराया गया।