ज्ञानपुर। जिले में सौ से अधिक छोटे-बड़े स्कूल वाहनों का फिटनेस फेल हो गया है। उप संभागीय परिवहन अधिकारी ने संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। हिदायत दिया कि बिना अभिलेख दुरूस्त हुए सड़क पर वाहन चले तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जनपद में कुल 535 स्कूल वाहनों का एआरटीओ में पंजीयन है। जिनकी समय-समय पर जांच होती है। जनवरी में परिवहन विभाग के अधिकारियों ने स्कूलों में जाकर वाहनों की जांच की। जिसमें से सौ वाहन विभाग के तय मानक के अनुरूप नहीं मिले। विभाग ने ऐसे वाहनों संचालकों को नोटिस भेजा है। साथ ही उन्हें चेतावनी भी दी है कि यदि वाहन रोड पर नजर आए तो संचालक व वाहन स्वामी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उप संभागीय अधिकारी अरूण कुमार ने बताया कि सौ से अधिक वाहनों का फिटनेस जांच पड़ताल में गलत पाया गया है। उन्होंने बताया कि संचालकों को नोटिस जारी कर हिदायत दी है कि बिना कागज पत्र के वाहन रोड पर चलते हुए दिखेंगे तो संचालक पर कानूनी कार्यवाई की जाएगी। स्कूल वाहनों के लिए एआरटीओ की ओर से सात मानक तय किए जाते हैं। जिसमें वाहनों में फस्ट एड की सुविधा, कांच के दोनों तरफ राड, चालक और परिचालक का ड्रेस सहित अन्य मानक है।