ज्ञानपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से चल रहे जांच अभियान में शुक्रवार को औराई, उगापुर, खमरिया और महराजगंज, भदोही के बाजारों में खाद्य दुकानों पर छापेमारी की गई। टीम ने भदोही बाजार से गाय का दूध, बेसन का नमूना संकलित किया। वहीं उगापुर से पापड़, चिप्स, खमरिया से सरसों तेल, सूजी, मैदा, पैकेट बंद मेवा मसाला, महराजगंज से लड्डू, बर्फी, छेना जैसे खाद्य पदार्थों का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा। इसके पहले बृहस्पतिवार को टीम ने गोपीगंज और भदोही के बाजारों में कार्रवाई की थी। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केएन त्रिपाठी ने बताया कि संकलित नमूनों का परिणाम आने पर संबंधित बाजार के व्यापारियों पर कार्रवाई तय होगी। इसके अलावा दुकानदारों को शुद्ध खाद्य सामग्री बिक्री की हिदायत दी गई। चेताया गया कि जांच किसी तरह की मनमानी मिलने पर त्वरित जुर्माना भी लगाया जाएगा। टीम में विनोद वर्मा, ओमप्रकाश आदि रहे।