ज्ञानपुर। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने कोतवाली के नेवादा जाठी गांव में हुई मारपीट के मामले में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। गांव निवासी पीड़ित सुरेंद्र कुमार का आरोप है कि पुरानी रंजिश में 15 अक्तूबर 2025 को विपक्षियों ने हमला कर घायल कर दिया। सुनवाई न होने पर कोर्ट में याचिका दाखिल की। कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
थाना प्रभारी राम सरीख गौतम ने बताया कि मामला एक साल पुराना है। नेवादा जाठी निवासी सुरेंद्र कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि गांव निवासी राजेश कुमार, राजन कुमार, राजू, रविशंकर और शांति देवी ने उनके घर पर हमला किया। आरोपियों ने उनकी मां केवली देवी को भद्दी-भद्दी गालियां दीं और मारपीट की। आरोपियों ने उन्हें भी मारा-पीटा। वहीं उनकी मां केवली देवी के गले से सोने की चेन और नाक की पुली जबरदस्ती छीन ली गई। आरोप लगाया कि ज्ञानपुर पुलिस ने घायलों का मेडिकल नहीं कराया और प्राथमिकी दर्ज करने में टालमटोल करती रही। बार-बार थाना का चक्कर लगाने के बावजूद कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद कोर्ट में याचिका दाखिल की। थाना प्रभारी राम सरीख गौतम ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।