कोतवाली क्षेत्र के भगवानपुर गांव में बृहस्पतिवार को तार हटाने और पाइपलाइन काटने के मामले में दो पक्षों में मारपीट हो गई।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने बृहस्पतिवार की शाम दोनों पक्ष से 19 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। प्राथमिकी में प्रेमचंद यादव का आरोप है कि बृहस्पतिवार की सुबह करीब 10 बजे जब उन्होंने जमीन के अंदर बिछी पानी की पाइप लाइन काटने का विरोध किया, तो गामा यादव, लालधर यादव, उमेश यादव, राधा और चार अज्ञात लोगों के साथ मिलकर लाठी डंडों से उनपर हमला कर दिया।
बचाने आई पूनम, अनुराग और अनुराधा यादव को भी मारपीट कर घायल कर दिया। दूसरे पक्ष के गामा यादव का आरोप है कि सुबह लगभग 10 बजे प्रेमचंद के घर से आ रहे नाले और खुले बिजली के तार से दुर्घटना की आशंका जताते हुए उसे सही करने को कहा, तो विवाद शुरू हो गया।
प्रेमचंद यादव, सूरज यादव, पूनम, आंचल, सोनी और वर्तमान ग्राम प्रशासक सब्बू यादव पांच अज्ञात लोगों के साथ लाठी-डंडे, कुदाल, फावड़ा और गड़ासा लेकर उनके घर में घुस आए। जानलेवा हमले में लीलावती देवी, लालधर यादव, राधिका देवी और उमेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
कोतवाल केके वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।