नगर के सिविल लाइन स्थित ज्ञानपुर नहर प्रखंड कार्यालय के बाहर उत्तर प्रदेश किसान सभा के सदस्य नहर में पानी की मांग को लेकर डटे रहे। धरना के चौथे दिन सोमवार को किसानों ने कहा कि जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होगा। आंदोलन समाप्त नहीं होगा। आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
किसान नेता इंद्रदेव पाल ने कहा कि चुनाव के समय है तो जनप्रतिनिधि किसानों की समस्या का समाधान करने की बात करते हैं लेकिन सत्ता मिलने के बाद नहर में पानी के लिए चक्कर लगाना पड़ता है। चार दिनों से किसान धरने पर बैठे हैं। अब तक कोई जिम्मेदार अधिकारी भी नहीं पहुंचा है। इस समय धान का फसल का समय है। धान की बाली पूरी तरह से तौयार हो चुकी है, यदि अब फसल को पानी नहीं मिला तो फसल खराब हो जाएगी। बताया कि धरना शुरू करने से पूर्व अधिशासी अभियंता को समस्या से अवगत कराया गया। उनका आश्वासन पूरा नहीं होने पर विवश होकर हम लोग धरने पर बैठे हैं। कहा कि जब तक भदोही रजवाहा में टेल तक पानी नहीं पहुंच जाता तब तक धरना जारी रहेगा। इस दौरान रमापति यादव, हृदयलाल यादव, श्रीराम सरोज, घनश्याम, सुखनंदन, लालमणि यादव, राजनरायण यादव, रामचंद्र यादव, प्रेम बहादुर, अवधेश कुमार मौजूद रहे।