ज्ञानपुर। मुख्यालय से सटे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी झूरी सिंह के परऊपुर गांव के किसान 10 दिनों से गेहूं बेचने के लिए परेशान हैं। किसानों ने चेतावनी दिया है कि विपणन विभाग समस्या का समाधान कराकर कंट्रोल रूम के नंबरों को 24 घंटे सक्रिय नहीं रखा तो वह आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
इस संबंध में किसान राम सिंह, जगदीश नारायण आदि ने आरोप लगाया है कि 2021 में एक अप्रैल से 24 केंद्रों की स्थापना कराकर विभाग खरीद शुरू कराया है। अधिकारी-कर्मचारी मनमानी ढंग से गांवों का आवंटन कर सूची तैयार कर ली है। परऊपुर गांव का नाम किसी भी केंद्र की सूची में नहीं मिल रहा है। गांव से नजदीक पाली क्रय केंद्र पर किसान 10 दिनों से औपचारिकताएं पूरी कर गेहूं बेचने का प्रयास कर रहे हैं, जिन्हें यह कहते हुए भगा दिया जा रहा है उनका गांव सूची में नहीं है। किसान राजीव सिंह, भोनू सिंह, रामदुलार, रामचंद्र ने बताया कि किसानों की समस्याओं के निपटारे के लिए विपणन कार्यालय में कंट्रोल रूम की स्थापना कर हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया, जिसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है। हेल्पलाइन नंबर को उठाने वाले कर्मचारी नाम-गांव सुनकर फोन को काट देते हैं। किसान डॉ.रामेश्वर सिंह ने चेतावनी दिया है कि दो दिन में परऊपुर गांव का नाम सूची में शामिल कराकर नजदीकी केंद्रों पर खरीदारी नहीं कराई गई तो किसान आंदोलन का भी रास्ता तय करेंगे। जिला विपणन अधिकारी एसके मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी न होने से किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। दो दिन में गांव का नाम सूची में दर्ज कराकर केंद्र का भी निर्धारण करा दिया जाएगा।