ज्ञानपुर। कानपुर देहात के भोगनीपुर में सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा को उखाड़ने को लेकर कुर्मी महासभा मुखर हो गई है। सोमवार को संगठन के पदाधिकारियों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर विरोध दर्ज कराया। भोगनीपुर के एसडीएम और एसओ के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की मांग की गई।
अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष इंद्र प्रसाद पटेल ने कहा कि भोगनीपुर के नेरा कृपालपुर में स्थित लोकतंत्र के महानायक सरदार वल्ल्भ भाई पटेल की प्रतिमा पर 26 जनवरी को माल्यार्पण किया गया। 28 जनवरी के दिन क्षेत्र के मनबढ़ों ने एसडीएम और एसओ के सहयोग से उक्त प्रतिमा को उखाड़कर तहसील परिसर में फेंक दिया। सत्ता का सहयोग मिलने से भूमाफिया के खिलाफ आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। एसडीएम और एसओ की ओर से किया गया यह कृत्य अखंड भारत के निर्माता सरदार पटेल संग आम जन मानस का अपमान करने वाला है। संगठन ने उसी चबूतरे पर दूसरी प्रतिमा स्थापित करने, दोषी अफसरों पर मुकदमा दर्ज करने और भू माफिया पराग दूबे की ओर से कब्जाई गई 20 बीघे जमीन को खाली कराने और गिरफ्तारी की मांग की गई। चेतावनी दी गई कि अविलंब कार्रवाई न होने पर संगठन वृहद स्तर पर आंदोलन करेगा। इस मौके पर समर बहादुर पटेल, अंबिका प्रसाद, सियाराम, श्याम बिहारी, जगदीश प्रसाद, सुरेश सिंह, जगदीश चंद्र, सुनील पटेल, रोहित, राजबली, कमलेश पटेल, राजमणि वर्मा आदि रहे।