कृषि विभाग की ओर से बुधवार को साइक्लोसिनोन कीटनाशक रसायन की बिक्री पर रोक को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बताया गया कि सरकार की ओर से साइक्लोसिनोन कीटनाशक रसायन की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। कृषि विभाग ने किसानों को इस कीटनाशक के प्रयोग से होने वाले गंभीर खतरों के प्रति आगाह किया है।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी इरम ने बताया कि बाजार में साइक्लोसिनोन जैसे अपंजीकृत रसायनों में खतरनाक तत्व पाए जाते हैं। ये तत्व भूमि की उर्वरा शक्ति को खराब करते हैं और मिट्टी को जहरीला बना देते हैं। कीटनाशी रसायन के छिड़काव के समय किसानों की त्वचा में जलन, आंखों में संक्रमण और श्वास संबंधी गंभीर बीमारियों का खतरा बना रहता है। सुरक्षा मानकों पर खरा न उतरने के कारण कृषि विभाग ने यह कदम उठाया है। उप कृषि निदेशक राम प्रवेश ने किसानों से पंजीकृत दुकानों से ही अनुमोदित कीटनाशक खरीदने का आग्रह किया। उन्होंने पैकेट पर लेबल और बैच नंबर जांचने तथा पक्का बिल लेने पर जोर दिया। अमानक कीटनाशक रसायन बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।