ज्ञानपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने इस बार मात्र दो माह में बोर्ड परीक्षा कराने के साथ ही मूल्यांकन और परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया। 24 फरवरी से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा शुरू होकर 12 मार्च को समाप्त हो गई। 19 मार्च से मूल्यांकन शुरू होकर 28 से 29 मार्च को संपन्न हो गई। कुल मिलाकर दो महीने में ही परिणाम को जारी किया गया।
जिले में बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 94 केंद्र बनाए गए थे। इसमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल पंजीकृत 56 हजार विद्यार्थियों में 53 हजार के करीब शामिल हुए। 12 मार्च परीक्षा खत्म होने के बाद 19 मार्च से मूल्यांकन शुरू हुआ। विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानपुर और नेशनल इंटर कॉलेज भदोही में कापियां जांची गई। मार्च के अंतिम सप्ताह में कापियों का अवार्ड ब्लैंक भरकर परिषद भेजी गई। छूटे हुए विद्यार्थियों की प्रायोगिक परीक्षा अप्रैल में कराने के बाद सभी को रिजल्ट का इंतजार था।
शुक्रवार को परिषद ने परिणाम जारी कर दिया। परीक्षा शुरू होने से लेकर रिजल्ट जारी करने तक करीब दो महीने का समय लगा। जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि परीक्षा परिणाम काफी बेहतर रहा, हालांकि 2024 से रैंक कुछ कम हुई है। परिषद ने मूल्यांकन के बाद मात्र 25 दिन में परिणाम जारी कर दिया।