ज्ञानपुर। बोर्ड परीक्षा की आनलाइन निगरानी संग स्टेट और जिलास्तरीय अधिकारी भी हकीकत देखने परीक्षा केंद्रो पर पहुंच रहे हैं। मंगलवार को राज्य पर्यवेक्षक बालेंदु भूषण् सिंह और जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने पांच-पांच केंद्रो का जायजा लिया, इससे केंद्र प्रभारियों में खलबली मची रही। पहली पाली में हाईस्कूल गणित की परीक्षा में 1788 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे, हालांकि दूसरी पाली में सामान्य विषयों की परीक्षा हुई।
18 फरवरी से शुरू बोर्ड परीक्षा जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, शिक्षा माफियाओं की सक्रियता भी दिखने लगी है। जंगीगंज और सुरियावां के कुछ केंद्रो की मिल रही शिकायत को संज्ञान में लेकर राज्य पर्यवेक्षक बालेंदुभूषण सिंह मंगलवार को प्रथम पाली में सेवाश्रम इंटर कॉलेज, शहीद ध्रुवलाल इंटर कॉलेज, विद्यासागर इंटर कॉलेज अभियां, तुलसी देवी इंटर कॉलेज अभियां और कनकपुर स्थित कॉलेज का निरीक्षण किया, हालांकि स्थिति ठीक मिली। इसी तरह जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानपुर, पंडित रामनरेश इंटर कॉलेज, श्री छविराजी माता शंकर इंटर कॉलेज पिलखुना रोही, महावीर इंटर कॉलेज बिछिया बनकट पर पहुंचे। इसके पूर्व जिला मुख्यालय परिसर में बने कंट्रोल रूम को भी देखा। डीएम ने कई परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र का मिलान किया। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा की मानीटरिंग शासन स्तर पर की जा रही है। केंद्राध्यक्षों को निर्देश दिया कि सीसीटीवी कैमरा और वायस रिकार्डर बराबर क्रियाशील रहे। इस मौके पर डीआईओएस अशोक चौरसिया आदि रहे।