आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ब्लॉक, तहसील, नगर निकायों में तैनात कर्मचारियों, अधिकारियों और मास्टर ट्रेनरों को ईवीएम और वीवीपैट का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसकी तिथि जिला निर्वाचन अधिकारी आर्यका अखौरी ने तय कर दी है।
उन्होंने बताया कि दो दिसंबर को सुबह 11 बजे औराई, तीन को ज्ञानपुर और चार को भदोही तहसील में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में बीडीओ, एडीओ, एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, लेखपाल, कानूनगो, ईओ, अवर अभियंता शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में आने वाले अधिकारी और कर्मचारी मास्क लगाने के साथ ही डायरी और पेन लेकर आएंगे। डीडीओ और उनके स्टेनो राकेश कुमार सिंह मास्टर ट्रेनर रहेंगे। प्रशिक्षण स्थल पर सैनिटाइजर, थर्मल स्क्रीनिंग मशीन, 50 की संख्या में मास्क की व्यवस्था सीएमओ की ओर से की जाएगी। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।