कोतवाली के माधोसिंह ओवरब्रिज के पास शुक्रवार की देर शाम करीब आठ बजे बिना नंबर की बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने महदेपुर कैयरमऊ निवासी परविंदर उपाध्याय से उनकी बाइक और मोबाइल लूटने की कोशिश की।
चाकू से उन पर हमला कर दिया, हाथ में चाकू लगने के बाद भी परविंदर तीनों से भिड़ गए। शोर सुनकर आसपास के लोग आने लगे तो तीनों बदमाश बाइक छोड़कर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को औराई ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। परविंदर शुक्रवार की सुबह बिछिया गांव में अपनी रिश्तेदारी गए थे। देर शाम वह बाइक से घर लौट रहे थे। ओवरब्रिज के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया और एक ने चाकू दिखाकर उसकी बाइक की चाबी निकाल ली।
उसका मोबाइल लूटने लगे तो उसने उसे धक्का दे दिया, इस पर दूसरे बदमाश ने उन पर चाकू से हमला कर दिया।
घायल होने के बाद भी परविंदर तीनों से भिड़ गया। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि बदमाशों की बाइक को कब्जे में लिया है। आरोपियो की खोज की जा रही है। संवाद