ज्ञानपुर। जिला अस्पताल में तीन महीने से खराब अल्ट्रासाउंड मशीन की जगह नई मशीन लगाई जाएगी। इससे मरीजों को सहूलियत होगी। इसके लिए डीएम विशाल सिंह ने शासन को पत्र लिखा है।
अप्रैल से जिला चिकित्सालय की अल्ट्रासाउंड मशीन में खराब है। जिसके बाद से ही अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की प्रक्रिया ठप है। इससे गर्भवती महिलाओं को काफी समस्या होती है। जांच के लिए उन्हें निजी सेंटर पर जाना पड़ता है। अस्पताल की अल्ट्रासाउंड मशीन को ठीक कराने को लेकर विभाग की ओर के प्रयास किए गए। लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद सौ शय्या अस्पताल में रखी अल्ट्रासाउंड मशीन को जिला अस्पताल लाया गया। इसके बाद मशीन सप्लाई करने वाली कंपनी के इंजीनियर जब इसे इंस्टाल करने पहुंचे तो पता चला कि मशीन में रिपोर्ट देने वाला प्रिंटर ठीक नहीं है। जिससे इसके लगाए जाने का औचित्य नहीं रहा। इन सभी प्रयासों के बाद विभाग ने जिलाधिकारी विशाल सिंह को इस समस्या से अवगत कराया। जिसके बाद जिलाधिकारी शासन को पत्र लिखकर नई अल्ट्रासाउंड मशीन की डिमांड की है।
-
चार माह से चार बार आए इंजीनियर
अल्ट्रासाउंड मशीन के संचालन को लेकर विभाग काफी गंभीर रहा। विभाग ने चार माह में चार बार कंपनी को पत्र लिखा। जिसके बाद इंजीनियर भी आए, लेकिन मशीन के तकनीकी खामी को ठीक नहीं कर पाए। जिसके बाद विभाग डीएम को इस समस्या से अवगत कराया।
हर दिन 15 से 20 मरीजों को पड़ती है जरूरत
जिला अस्पताल में हर दिन 15 से 20 मरीजों को अल्ट्रासाउंड की जरूरत पड़ती है। अल्ट्रासाउंड मशीन न होने से मरीजों को मजबूरी में निजी सेंटरों पर जाना पड़ता है। निजी लैब वाले उनसे मनमाना शुल्क वसूलते हैं। मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए 400 से 1600 रुपये तक का भुगतान करना पड़ता है।
-
वर्जन
तमाम प्रयासों के बाद भी अल्ट्रासाउंड की तकनीकी दिक्कत दूर नहीं हुई। इससे जिलाधिकारी को अवगत कराया गया। जिलाधिकारी ने नई अल्ट्रासाउंड मशीन के लिए शासन को पत्र लिखा है। जल्द ही नई मशीन अस्पताल पहुंच जाएंगी। - डॉ. राजेंद्र कुमार, सीएमएस, जिला अस्पताल।