दुर्गागंज तिराहे से पैदल मार्च करते हुए प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और वहां नारेबाजी की। आरोप लगाया कि चुनाव से पूर्व किए गए वादे सरकार भूल गई है।
ऐसे में अब रोजगार सेवक चुप नहीं बैठेंगे। प्रदर्शनकारियों ने सीएम को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा।
संगठन के जिलाध्यक्ष अमितेश शुक्ला के नेतृत्व में दर्जनों रोजगार सेवक बृहस्पतिवार को दुर्गागंज तिराहे से पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान रोजगारसेवकों ने प्रदेश सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया।
झूठे वादे, झूठे बोल, नेताजी की खुल गई पोल... जैसे स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर चल रहे प्रदर्शनकारियों ने सरकार से नियमित करने की मांग की।
जिला संयोजक विवेक चौधरी ने कहा कि 2012 के विधानसभा चुनाव से पूर्व रोजगार सेवकों को नियमित करने की बात कही गई थी, लेकिन तीन साल गुजर गए, उनके लिए कुछ नहीं किया गया।
वक्ताओं ने छह जुलाई को लखनऊ में होने वाले कार्यक्रम को सफल बनाने का ऐलान किया गया। अंत में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
प्रदर्शन करने वालों में जिलाजीत पटेल, राजेश, शंभू सिंह, मनोज, नीरज, सुरेश तिवारी, सुरेंद्र कुमार, दिवाकर पांडेय, राजेश बिंद, रवि यादव, सुनील भाष्कर, श्यामसुंदर, रसीला मौर्य, इंदू देवी, मंजू जायसवाल आदि शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता चंद्रशेखर और संचालन अजय श्रीवास्तव ने किया।