जिले में कोरोना संक्रमण का ग्राफ निरंतर बढ़ रहा है। इसके लिए दफ्तरों के कामकाज को ऑनलाइन करने पर जोर दिया जा रहा है। कृषि और उद्यान विभाग में योजनाओं की सुविधा पाने के लिए किसानों को ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा दी गई है। किसी भी नजदीकी जन सुविधा केंद्र या खुद आवेदक योजनाओं का लाभ लेने के लिए पंजीयन करा सकते हैं।
जिले में कोरोना संक्रमण ने रफ्तार पकड़ लिया है। उधर, विभागीय कार्यों के लिए लोगों को दफ्तरों का चक्कर न काटने पड़े, इसके लिए ऑनलाइन सुविधाएं विभागों की ओर से दी गई हैं। उद्यान विभाग में चल रही सभी योजनाओं के लाभ के लिए ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा दी गई है। जिला उद्यान अधिकारी सुनील तिवारी ने बताया है कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सतर्कता बरती जा रही है। लोगों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा दी गई है। केवल जरूरी अभिलेख जमा करने के लिए लोगों को दफ्तर बुलाया जाता है। इसी तरह कृषि विभाग में भी लोगों को ऑनलाइन पंजीयन की सुविधा दी गई है। कृषि यंत्रिकरण योजना से लेकर सोलर पंप, पीएम सम्मान निधि आदि योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा दी गई है। इस संबंध में जिला कृषि अधिकारी अरविंद कुमार प्रजापति ने बताया कि कोरोना से बचाव के लिए सभी को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। योजनाओं से संबंधित कार्य ऑनलाइन करने की सुविधा दी गई है। केवल उन्हीं किसानों कार्यालयों में आना पड़ रहा है जिसको किसान सम्मान निधि नहीं मिल रही है अथवा किसी दूसरे के खाते में उनके हिस्से की धनराशि पहुंच रही है। जरूरी अभिलेख के साथ ऐसे लोगों को कार्यालय बुलाया जाता है। समाज कल्याण में पेंशन, जिला प्रोबेशन विभाग में भी तमाम तरह के पेंशन आदि के कार्य के लिए ऑनलाइन पंजीयन सुविधा है।