लालानगर/चौरी। दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के कई इलाकों में विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है। बारिश के कारण कई इलाकों में ट्रांसफाॅर्मर जल गए। इससे हजारों की आबादी को अंधेरे में रहना पड़ रहा है। दो दिनों से चरमराई विद्युत व्यवस्था के कारण लोगों को दैनिक कार्यों में भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
गोपीगंज के गिराई उपकेंद्र से जुड़े पूरेटीका क्षेत्र में 400 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर बारिश के बीच खराब हो गया। इससे करीब दो हजार की आबादी अंधेरे में रात बिताने को विवश रही। ट्रांसफाॅर्मर जलने से बड़े शिव क्षेत्र माधोरामपुर गांव झिलिया पुल के लोग परेशान थे। मिर्जापुर सिनेमा हाॅल तिराहे के पास लगा ट्रांसफाॅर्मर भी शनिवार रात से खराब हो गया। इससे काली देवी मुहाल, मिर्जापुर रोड, महात्मा गांधी लिंक मार्ग मोहल्ले के लोगों को समस्याएं हुईं। हालांकि, यहां पालिका प्रशासन की ओर से ट्राॅली ट्रांसफार्मर लगाया गया। इससे लोगों की पेयजल की जरूरत पूरी हुई। क्षेत्रीय व्यापारी मनोज मोदनवाल, टिंकू मिश्रा, रवि मोदनवाल, अमन मोदनवाल ने कहा कि बिजली दुर्व्यवस्था दिनों दिन बढ़ती जा रही है। इसे लेकर ठोस उपाय तलाशना चाहिए। जेई रामलाल ने बताया कि एक 400 केवी का ट्रांसफाॅर्मर मंगाया गया है। इसे लगाया जा रहा है। वहीं, ट्राॅली ट्रांसफाॅर्मर से विद्युत आपूर्ति कराई जा रही है। शीघ्र ही इसे भी बदला जाएगा।
चौरी क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के कारण ध्वस्त हो चुकी बिजली व्यवस्था दूसरे दिन भी बहाल नहीं हो सकी। बिजली निगम के अधिकारी दूसरे दिन भी दुर्व्यवस्थाओं को दूर करने में लगे रहे। शनिवार रात रविवार को और रविवार सुबह हुई तेज हवाओं के साथ बारिश से चौरी महराजगंज मार्ग पर तीन विशाल पेड़ गिर गए। पेड़ गिरते समय बिजली तार और खंभे को अपनी चपेट में ले लिया। इससे तीन बिजली के खंभे व तार टूटकर जमीन पर गिर गए। इससे छह गांव में आपूर्ति ठप हो गई। इसमें सवरपुर , बरैला, जमुवा, महुवापुर गांव की आपूर्ति रविवार सुबह से ठप है। अनुज मिश्रा, महेंद्र यादव, अखिलेश यादव, वीरेंद्र चौहान ने बताया कि बिजली न होने से मोबाइल सहित इलेक्ट्रॉनिक सामान बंद पड़े हैं। एसडीओ विजय यादव ने बताया शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल हो जाएगी। सुबह से ही टूटे खंभों व तार को ठीक करने में कर्मचारी लगे हुए हैं।