पाली विद्युत उपकेंद्र से जुड़े दर्जनों गांवों में तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने के विरोध में सोमवार को इलाके के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। तकरीबन 20 गांवों के लोगों ने बिजली व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने की मांग को लेकर पाली त्रिमुहानी पर चक्काजाम कर दिया। इससे तीनों सड़कों पर वाहनों की कतार लग गई। तकरीबन दो घंटे तक चले जाम के बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम और एसडीओ के आश्वासन पर नागरिकों ने जाम समाप्त किया।
पाली विद्युत उपकेंद्र से जुड़े दो दर्जन से अधिक गांवों में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। ग्रामीणों ने कई बार इसकी शिकायत विभाग के अधिकारियों से की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुआ। सोमवार को नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष विनय पांडेय की अगुवाई में नाराज लोगों ने पाली त्रिमुहानी पर चक्काजाम कर दिया। इसमें कई गांवों के लोग शामिल थे।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पिछले एक महीने से पाली उपकेंद्र से जुड़े गांवों में एक या दो घंटे बिजली बमुश्किल मिल पाती है। उसमें भी कई बार बिजली की कटौती की जाती है। तीन दिनों से उपकेंद्र से जुड़े गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। इसकी शिकायत बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
चक्काजाम के चलते ज्ञानपुर, दुर्गागंज और सुरियावां जाने वाली सड़कों पर रफ्तनी रुक गई। वाहनों की लंबी कतार लग गई। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे ज्ञानपुर एसडीएम और एसडीओ के आश्वासन पर लोगों ने जाम समाप्त किया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की बिजली व्यवस्था शीघ्र ही दुरुस्त की जाएगी।
प्रदर्शन करने वालों में शेरू दुबे, राजन दुबे, राजू पाठक, साहब लाल तिवारी, फूलचंद्र दुबे, सोनू दुबे, शीलवंता मौर्या, छोटू, बाबूराम, बबलू पांडेय आदि शामिल रहे।