दुर्गागंज। थाना क्षेत्र के जद्दूपुर गांव में बृहस्पतिवार की देर शाम करीब सात बजे जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों से जमकर लाठी-डंडे चले। जिसमें एक पक्ष के शिवपूजन उर्फ लल्लन गौड़ (64 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। गांव निवासी शिवपूजन का पड़ोस के के लोगों से पुस्तैनी जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।
बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 12 बजे दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई थी, लेकिन कुछ देर बाद मामला शांत हो गया। बताया जा रहा है कि शाम को फिर से गाली-गलौज होने लगी। देखते ही देखते हुए दोनों पक्ष की ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट के दौरान ही शिवपूजन के सिर में कई लाठियां लगी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भानीपुर लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। उन्हें प्रयागराज के स्वरूपरानी अस्पताल ले जा रहे थे। इस रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
परिजनों ने पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन देर रात तक किसी के खिलाफ तहरीर नहीं दी। घटना के बाद गांव में तनाव है। क्षेत्राधिकारी सुमित त्रिपाठी ने बताया कि गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है।